Simran Mallick / Sat, Sep 5, 2026 / Post views : 7
भोपाल: जन्माष्टमी के अवसर पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने केंद्रीय जेल भोपाल में आयोजित जन्माष्टमी महोत्सव के दौरान बंदियों के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने पात्र बंदियों को सजा में एक माह की छूट देने का ऐलान किया। इसके साथ ही महिला बंदियों के लिए खुली जेल की व्यवस्था करने और भोपाल केंद्रीय जेल में मानसिक स्वास्थ्य केंद्र शुरू करने की घोषणा भी की गई।
पात्र बंदियों को मिलेगी एक माह की सजा में छूट
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के मौके पर पात्रतानुसार बंदियों की सजा में एक माह की छूट देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि जेलों में बंदियों को सुधार और पुनर्वास के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है।
महिला बंदियों के लिए खुलेगी खुली जेल
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में खुली जेलों की संख्या बढ़ाई जाएगी। वर्तमान में पुरुष बंदियों के लिए खुली जेल की व्यवस्था है। अब महिला बंदियों के लिए भी खुली जेल की व्यवस्था करने के लिए आवश्यक प्रावधान किए जाएंगे। सरकार का प्रयास है कि महिला बंदियों को भी सुधार और पुनर्वास के बेहतर अवसर मिल सकें।
भोपाल जेल में जल्द शुरू होगा मानसिक स्वास्थ्य केंद्र
जन्माष्टमी कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने भोपाल केंद्रीय जेल में मानसिक स्वास्थ्य केंद्र जल्द शुरू करने की बात कही। जेल महानिदेशक वरुण कपूर ने बताया कि इस केंद्र के माध्यम से जेल में निरुद्ध बंदियों के मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी जरूरतों पर ध्यान दिया जाएगा।
बंदियों के लिए बढ़ाई जा रही सुविधाएं
मुख्यमंत्री ने जेल विभाग में पदोन्नति, नए पदों के निर्माण, नए बैरकों के निर्माण और बंदियों के लिए आवश्यक सुविधाओं के विस्तार की जानकारी दी। बंदियों को विभिन्न शिल्पों का प्रशिक्षण, आयुष्मान कार्ड, ध्यान और योग जैसी गतिविधियों से जोड़ने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।
जन्माष्टमी महोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रम
केंद्रीय जेल भोपाल में आयोजित जन्माष्टमी महोत्सव में भगवान श्रीकृष्ण के जीवन पर आधारित लघु नाटिका प्रस्तुत की गई। भगवान श्रीकृष्ण का रूप धारण किए बच्चों ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री ने बच्चों को स्नेह किया और बंदियों द्वारा प्रस्तुत नाटिका की सराहना की। उन्होंने गौमाताओं को गुड़-रोटी भी खिलाई।
6 जेलकर्मी हुए सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जेल विभाग के छह अधिकारियों और कर्मचारियों को विभिन्न साहसिक कार्यों के लिए पुरस्कृत और सम्मानित किया। जेल महानिदेशक वरुण कपूर ने विभाग की गतिविधियों और जेलों में चलाए जा रहे रचनात्मक कार्यक्रमों की जानकारी दी।
सरकार की ओर से जेलों में योग, ध्यान, रचनात्मक गतिविधियों और कौशल प्रशिक्षण को बढ़ावा देने के साथ-साथ बंदियों के पुनर्वास पर भी जोर दिया जा रहा है।
Tags :
Mp news
#Janmashtami
#Bhopal Central Jail
#cm Mohan Yadav
#Jail department
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन