सूडान में सोने की खदान में सुरंग ढहने से बड़ा हादसा हो गया। हादसे में कम से कम 11 खनिकों की मौत हो गई, जबकि करीब 30 लोगों को सुरक्षित बचाया गया है। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, कई अन्य लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका है, जिन्हें निकालने के लिए राहत और बचाव अभियान जारी है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह हादसा ओनी इलाके में शनिवार रात शुरू हुआ और रविवार तक राहत दलों ने 11 शव बरामद कर लिए थे। सरकारी कंपनी सूडानी मिनरल रिसोर्सेज कंपनी के एक अधिकारी के मुताबिक, 30 लोगों को बचाया गया है और लापता लोगों की तलाश जारी है।
सूडान में यह एक सप्ताह के भीतर अनौपचारिक सोने की खदान में हुआ दूसरा बड़ा हादसा है। इससे पहले पिछले रविवार को देश के पश्चिमी हिस्से में एक सोने की खदान ढहने से 82 लोगों की मौत होने की खबर सामने आई थी। यह क्षेत्र अर्धसैनिक बल रैपिड सपोर्ट फोर्सेज (RSF) के नियंत्रण में बताया जाता है।
सूडान अफ्रीका के प्रमुख सोना उत्पादक देशों में शामिल है। देश में बड़ी संख्या में छोटे और अनौपचारिक स्तर पर खनन का काम होता है। इन खदानों में सुरक्षा व्यवस्था और मानकों को लेकर लंबे समय से सवाल उठते रहे हैं। इसी वजह से खदानों के ढहने जैसी घटनाओं में जानमाल का नुकसान होता रहा है।
खदान हादसे के बाद संबंधित कंपनी ने मृतकों के प्रति शोक व्यक्त किया है। फिलहाल बचाव दल मलबे में फंसे लोगों की तलाश में जुटे हुए हैं।
Tags :
#Gold Mine Collapse
#Sudan News
#International News
#Mine Accident
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन