Simran Mallick / Tue, Sep 22, 2026 / Post views : 4
छतरपुर। मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले में करीब 200 साल पुराने प्राचीन ब्रह्मदेव मंदिर में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। सोमवार-मंगलवार की दरम्यानी रात चोर मंदिर का ताला तोड़कर भगवान राम की अष्टधातु की मूर्ति समेत कुल 15 मूर्तियां चोरी कर ले गए। चोर मंदिर में रखे दो सिंहासन भी अपने साथ ले गए।
मातगंवा थाना क्षेत्र में सागर-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे स्थित यह मंदिर स्थानीय लोगों के लिए आस्था का प्रमुख केंद्र माना जाता है। मंगलवार सुबह मंदिर के पुजारी कृष्ण कुमार शर्मा जब पूजा के लिए पहुंचे तो मंदिर का सामान अस्त-व्यस्त मिला और कई मूर्तियां गायब थीं।
मातगंवा थाना प्रभारी अंकुर चौबे के मुताबिक, पुजारी ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद टीम मौके पर पहुंची। शुरुआती जानकारी के अनुसार चोर मंदिर के मुख्य गेट का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुए और भगवान राम की अष्टधातु की मूर्ति सहित 15 छोटी-बड़ी मूर्तियां चोरी कर ले गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मौके पर खोजी कुत्ता दल को भी बुलाया गया है। पुलिस टीम चोरों की तलाश में संदिग्ध ठिकानों पर कार्रवाई कर रही है और चोरी हुई मूर्तियों की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।
करीब 200 साल पुराने मंदिर में हुई इस चोरी की घटना से स्थानीय लोगों में चिंता है। पुलिस अब वारदात से जुड़े सुराग जुटाने में लगी हुई है।
Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन