भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में परिवहन विभाग की महिला अधिकारी की हत्या का मामला सामने आया है। खजूरी थाना क्षेत्र में एक मकान से RTO इंस्पेक्टर मीनाक्षी गोखले का शव बरामद किया गया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, महिला अधिकारी की हत्या के बाद आरोपी ने भी आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
दतिया में पदस्थ थीं मीनाक्षी गोखले
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मीनाक्षी गोखले दतिया में परिवहन विभाग में इंस्पेक्टर के पद पर पदस्थ थीं। बताया गया है कि उनका करीब दो साल पहले तलाक हो चुका था और उनकी करीब तीन साल की बेटी है।
पुलिस के मुताबिक, मामले में पवन नाम के व्यक्ति का नाम सामने आया है, जो मूल रूप से सीधी जिले का रहने वाला बताया जा रहा है। वह इंदौर में कोचिंग क्लास भी चला चुका था।
इंदौर में हुई थी दोनों की मुलाकात
जांच में सामने आया है कि मीनाक्षी और पवन की मुलाकात इंदौर में हुई थी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, तलाक के बाद दोनों करीब दो साल से पति-पत्नी की तरह साथ रह रहे थे।
आंगन में हत्या का पुलिस को शक
पुलिस की प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि महिला अधिकारी की हत्या घर के आंगन में की गई। इसके बाद शव को घसीटकर घर के पहले कमरे में ले जाया गया और कमरे को बाहर से लॉक कर दिया गया।
घटना की सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। FSL टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण और घटनाक्रम से जुड़ी स्थिति अधिक स्पष्ट होगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
Tags :
#Bhopal Crime
#RTO Inspector
#Khajuri Police
#Police Investigation
#Mp news
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन