Simran Mallick / Fri, Sep 18, 2026 / Post views : 4
भोपाल: मध्य प्रदेश में शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) को लेकर लोक शिक्षण संचालनालय ने नई गाइडलाइन जारी कर दी है। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के बाद पात्रता परीक्षा से संबंधित शिक्षकों के लिए यह परीक्षा महत्वपूर्ण मानी जा रही है। विभाग की ओर से परीक्षा में शामिल होने वाले शिक्षकों की श्रेणी, आवेदन प्रक्रिया और परीक्षा केंद्र से जुड़ी जानकारी स्पष्ट की गई है।
किन शिक्षकों के लिए जरूरी होगी TET?
जारी गाइडलाइन के अनुसार, सरकारी स्कूलों में प्राथमिक और माध्यमिक स्तर पर कार्यरत संबंधित शिक्षकों को पात्रता परीक्षा में शामिल होना होगा, यदि उन्होंने RTE के तहत आयोजित पात्रता परीक्षा पास नहीं की है। वहीं CTET पास कर चुके शिक्षकों को यह परीक्षा देने की आवश्यकता नहीं होगी।
अशासकीय स्कूलों में प्राथमिक और माध्यमिक कक्षाओं में पढ़ाने वाले शिक्षक भी अपनी पात्रता और इच्छानुसार परीक्षा में शामिल हो सकते हैं।
5 अक्टूबर तक कर सकेंगे आवेदन
MP TET परीक्षा ऑनलाइन माध्यम से आयोजित की जाएगी। अभ्यर्थी मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (MPESB) के पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तारीख 5 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है।
इन शिक्षकों को किया गया है शामिल
प्राथमिक स्तर पर:
- सहायक शिक्षक
- प्राथमिक शिक्षक
- सहायक अध्यापक
- संविदा शाला शिक्षक श्रेणी-3
- प्राथमिक शिक्षक विज्ञान/प्रयोगशाला शिक्षक
माध्यमिक स्तर पर:
- उच्च श्रेणी शिक्षक
- माध्यमिक शिक्षक
- अध्यापक
- संविदा शाला शिक्षक श्रेणी-2
इसके अलावा निजी स्कूलों में प्राथमिक एवं माध्यमिक कक्षाओं को पढ़ाने वाले शिक्षक भी पात्रता के अनुसार परीक्षा में शामिल हो सकते हैं।
शिक्षक के कार्यरत जिले में मिलेगा परीक्षा केंद्र
गाइडलाइन के अनुसार, सरकारी स्कूल में कार्यरत शिक्षक को सामान्यतः उसी जिले के मुख्यालय पर परीक्षा केंद्र आवंटित किया जाएगा, जहां वह वर्तमान में कार्यरत है। हालांकि, जिन जिलों में परीक्षार्थियों की संख्या कम होगी, वहां परीक्षा केंद्र के निर्धारण का फैसला माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा किया जाएगा।
करीब डेढ़ लाख शिक्षक दायरे में
बताया जा रहा है कि प्रदेश में करीब डेढ़ लाख शिक्षक TET के दायरे में आ सकते हैं। वहीं अब तक लगभग 19 हजार आवेदन जमा किए जा चुके हैं। शिक्षक संगठन लंबे समय से परीक्षा को लेकर स्पष्ट गाइडलाइन जारी करने की मांग कर रहे थे। अब विभाग की ओर से दिशा-निर्देश जारी होने के बाद परीक्षा प्रक्रिया को लेकर स्थिति स्पष्ट हुई है।
अभ्यर्थियों को आवेदन करने से पहले विभाग की आधिकारिक गाइडलाइन और पात्रता संबंधी शर्तों को ध्यान से पढ़ने की सलाह दी जाती है।
Tags :
#MP TET 2026
#MP TET Guideline
#MP TET Apply Online
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन